राष्ट्रीय डाक सप्ताह शुरू: नागरिक-केंद्रित सेवाओं और आधुनिक डाकघरों पर जोर
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग की ओर से राष्ट्रीय डाक सप्ताह की शुरुआत 9 अक्टूबर से हुई, जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन की थीम ‘एक डाक नेटवर्क, असीम संभावनाएं’ के अनुरूप डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण, नवाचार और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
राजस्थान परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल सुशील कुमार ने कहा कि भारतीय डाक विभाग अपनी गौरवशाली परंपरा को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ते हुए आगे बढ़ रहा है। ‘डाक सेवा, जन सेवा’ विभाग का मूल भाव है। लक्ष्य केवल पत्रों और पार्सलों की डिलीवरी तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सरल, सुलभ, विश्वसनीय और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। विभाग तकनीक और व्यापक नेटवर्क के माध्यम से 24 घंटे के भीतर डाक पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार से आम नागरिकों, व्यापारियों और ई-कॉमर्स क्षेत्र को सुविधाएं मिल रही हैं। बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से घर बैठे वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, आधार सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों को सुविधाएं दी जा रही हैं, ताकि उन्हें सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़े।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत आयोजित विभागीय बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक डाक सेवाएं पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, आधुनिक तकनीक के उपयोग, वित्तीय समावेशन, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के विस्तार और ग्राहक संतुष्टि को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। सुशील कुमार ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी शहरी क्षेत्रों के समान गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग का लक्ष्य है। इसमें डाक कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बदलती जरूरतों के अनुरूप राजस्थान में चार जेन-जेड डाकघर खोले गए हैं। इनमें युवाओं की रुचि, जरूरतों और जीवनशैली को ध्यान में रखकर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को डाक विभाग से जोड़ना और सेवाओं को अधिक आकर्षक बनाना है।
सुशील कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह विभाग की उपलब्धियों की समीक्षा करने, नई संभावनाएं अपनाने और नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी को अधिक प्रभावी बनाने का अवसर है। सप्ताह के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ग्राहकों से संवाद स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश