जयपुर में राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ का महाधिवेशन 12 अप्रैल को

 


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी जयपुर में 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाला राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ का महाअधिवेशन अब भव्य और विराट स्वरूप ले चुका है। इस आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रमुख राजनीतिक हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत शिरकत करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वन मंत्री संजय शर्मा उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा मंत्री गौतम कुमार दक, विधायक गोपाल शर्मा, पूर्व देवस्थान मंत्री एस डी शर्मा तथा पूर्व विप्र कल्याण बोर्ड अध्यक्ष महेश शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अधिवेशन को लेकर संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां जारी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट हनुमान सहाय शर्मा के नेतृत्व में आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है। वहीं विदेश अध्यक्ष राम पंडा, संगठन मंत्री लव शर्मा, महिला प्रदेश अध्यक्ष अलका शर्मा और जिला अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट हनुमान सहाय शर्मा के अनुसार यह महाअधिवेशन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति और संगठन की एकता का महा आह्वान है। इसमें समाज को जोड़ने, परंपराओं को सशक्त बनाने और भविष्य की दिशा तय करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश