राष्ट्रीय स्तर का बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 से, देवेंद्र राज अंकुर को होगा समर्पित

 


बीकानेर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन अनुराग कला केंद्र की ओर से किया जा रहा है। यह रंगोत्सव प्रख्यात रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित होगा, जो नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के निदेशक रह चुके हैं।

फेस्टिवल में देशभर से लगभग 20 नाट्य प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, विभिन्न राज्यों से आने वाली नाट्य संस्थाएं सामाजिक, ऐतिहासिक और समकालीन विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां देंगी, जिससे दर्शकों को विविध रंगशैलियों का अनुभव मिलेगा। रविवार काे विन्सम इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आयोजन की रूपरेखा साझा की गई। इस अवसर पर सुरेश हिंदुस्तानी, विजय सिंह राठौड़, स्कूल संचालक सुरेंद्र धारणिया, विजय राठौड़, अतिथि के रूप में सुधेश व्यास, हंसराज डागा, जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक हरिशंकर आचार्य, सुनील जाेशी, संजय पुराेहित सहित अनेक रंगकर्मी और कला प्रेमी उपस्थित रहे।

सुरेश हिंदुस्तानी ने कहा कि अनुराग कला केंद्र द्वारा लगातार दस वर्षों से इस फेस्टिवल का आयोजन करना बीकानेर के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन शहर में सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बना रहा है। विजय सिंह राठौड़ ने बताया कि इस बार का फेस्टिवल राष्ट्रीय स्तर का होगा और 20 नाटकों के माध्यम से दर्शकों को विविध विषयों से रूबरू कराया जाएगा। उन्हाेंने आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर फेस्टिवल को सफल बनाने की अपील की। युवा शिक्षाविद सुरेंद्र धारणिया ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति का गहरा संबंध है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति का विकास करते हैं। सुधेश व्यास ने कहा कि बीकानेर की रंगपरंपरा समृद्ध रही है और इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को मंच और पहचान मिलती है। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से रंगमंच से जुड़ने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव