राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आरोहण आयोजन में विशेषज्ञों ने किया विमर्श

 


जयपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर में मंगलवार को “आरोहण – आयुर्वेद अधिवेशन एवं सम्मान समारोह 2026” आयोजित हुआ। कार्यक्रम में देशभर से आए विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं व आयुष क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

शुभारंभ उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य और कुलपति प्रो. (डॉ.) संजीव शर्मा ने किया। आयोजन राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर व आत्मन फाउंडेशन, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

‘आयुष श्री सम्मान’ के तहत आयुर्वेद व आयुष क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, शोधकर्ताओं व संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में बैरवा ने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने और आयुष सेवाओं को सशक्त करने पर जोर दिया। वहीं कुलपति प्रो. शर्मा ने बताया कि संस्थान शिक्षा, अनुसंधान व चिकित्सा के माध्यम से आयुर्वेद को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिवेशन में एविडेंस-बेस्ड आयुर्वेद, राष्ट्रीय आयुष मिशन, समग्र स्वास्थ्य, स्टार्टअप व उद्यमिता जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रो. मीता कोटेचा, प्रो. अनुपम श्रीवास्तव, हरिराम रिणवा सहित बड़ी संख्या में विशेषज्ञ व विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं इस कार्यक्रम से पहले उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने संस्थान के अस्पताल,ओपीडी व कैंटीन का निरीक्षण कर सेवाओं की सराहना की। इस दौरान संस्थान को मानद विश्वविद्यालय का दर्जा स्थायी किए जाने की जानकारी भी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश