राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर तक
जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 41 वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक जयपुर जिले में मनाया जाएगा। पखवाड़े का उद्देश्य नेत्रदान के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करना, अधिकाधिक लोगों को नेत्रदान का संकल्प दिलाना और इसे जन आंदोलन का रूप देना है।
पखवाड़े के दौरान जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर नेत्रदान जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में जागरूकता शिविरों के साथ नेत्रदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण से संबंधित जानकारी दी जाएगी। चिकित्सालयों में सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत स्थानीय रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से नेत्रदान के महत्व एवं इसके सामाजिक सरोकार से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ब्लॉक और ग्राम स्तर तक सोशल मीडिया व अन्य प्रचार माध्यमों से जागरूकता संदेश पहुंचाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने कहा कि नेत्रदान महान सामाजिक कार्य है। मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी दृष्टिबाधित जरूरतमंद के जीवन में रोशनी ला सकता है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों को अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रभावी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
वहीं जयपुर द्वितीय के सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने आमजन से नेत्रदान का संकल्प लेकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि अभियान के दौरान नेत्रदान एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांट से संबंधित जानकारी के साथ प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा। अधिकारियों के अनुसार सामूहिक प्रयासों से नेत्रदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार कर सामाजिक जागरूकता को और मजबूत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश