जैन कवि सम्मेलन व साहित्य संगम का राष्ट्रीय अधिवेशन 27 से 29 सितम्बर तक

 


बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ से सम्बद्ध साधुमार्गी जैन सेवा समिति बीकानेर के तत्वावधान में साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय संत, आचार्य प्रवर रामलालजी, उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि व चारित्र आत्माओं के सानिध्य में गंगाशहर मार्ग के आदिनाथ भवन में 27 व 28 सितम्बर को दो दिवसीय विराट जैन कवि सम्मेलन एवं जैन साहित्य संगम का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 27 से 29 सितम्बर तक होगा।

साधुमार्गी जेन सेवा समिति बीकानेर के मीडिया प्रभारी अमित गोलछा ने बताया कि कवि सम्मेलन 27 व 28 सितम्बर को शाम साढ़े सात बजे आदिनाथ भवन में होगा। जैन साहित्य संगम संस्थान (जैन कवि साहित्यकारों की सर्वमान्य प्रतिनिधि संस्था ) के तीसरे राष्ट्रीय अधिवेशन में आने वाले सभी रचनाकार सेवा सदन में चारित्र आत्माओं के प्रवचन श्रवण के बाद दोपहर सवा बारह बजे अधिवेशन का उद्घाटन समारोह आदिनाथ भवन में होगा। इसी दिन साढ़े तीन बजे प्रतिभागी परिचय व प्रदेश इकाई प्रतिवेदन, वरिष्ठजन सम्मान व कविता प्रतियोगिता, रात साढ़े सात बजे विराट कवि सम्मेलन एवं जैन सिद्धान्तों पर आधारित आकर्षक कलात्मक प्रस्तुतियां होगी।

समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने बताया कि 28 सितम्बर सोमवार को प्रवचन उसके बाद चारित्र आत्माओं का सान्निध्य सत्र सेवा सदन में होगा। दोपहर सवा बारह बजे विद्वजन संगोष्ठी एवं कृतियों का लोकार्पण,कविता प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण, दोपहर ढाई बजे वार्षिक साधारण सभा की बैठक, साढ़े तीन बजे महिला सदस्याओं द्वारा प्रस्तुतियां व शाम साढ़ेसात बजे विराट कवि सम्मेलन एवं समापन समारोह आदिनाथ भवन में होगा।

समिति के कार्याध्यक्ष सुरेन्द्र दस्साणी ने बताया कि मंगलवार 29 सितम्बर को आचार्य भगवंत की शुभ निश्रा में प्रवचन श्रवण, आदि सहभागिता छबीली घाटी के सेवा सदन में होगी। देश प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आने वाले संभागियों के आवास की व्यवस्था, गंगाशहर मार्ग के आदिनाथ भवन में तथा भोजन की व्यवस्था गोगागेट के अग्रसेन भवन में की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव