महिलाओं को 33% आरक्षण से बढ़ेगी राजनीतिक भागीदारी: मुख्यमंत्री

 




जयपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के जरिए संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे नीति निर्माण और विकास में उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई निर्णायक फैसले किए गए हैं।

उन्होंने महिलाओं से इस अधिनियम के समर्थन में 9667173333 नंबर पर मिस्ड कॉल करने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। आज महिलाएं शिक्षा, स्टार्टअप, खेल, विज्ञान और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने जन धन योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना, लखपति दीदी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना जैसी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक मजबूती मिली है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 16 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 6.5 लाख बालिकाओं को लाभ मिला है, वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि बढ़ाकर 6500 रुपए कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए 600 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया है। सरकार महिला अपराधों में कमी लाने के लिए सजग और संवेदनशील है।

युवाओं के लिए लाई गई नई युवा नीति और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याजमुक्त ऋण देकर उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार 10 लाख रोजगार सृजन के लक्ष्य पर कार्य कर रही है, जिसमें अब तक 1.25 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश में सामाजिक परिवर्तन का बड़ा माध्यम बनेगा और महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में मजबूत स्थान दिलाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर किए और छात्राओं के साथ सेल्फी भी ली। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, सांसद मंजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित