विकसित भारत की आधारशिला बना नारी शक्ति वंदन अधिनियम: डॉ. सौम्या गुर्जर

 


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने उद्यमी महिलाओं के साथ “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अधिनियम विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला है और महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक कदम है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमी महिलाओं ने भाग लिया और अधिनियम को लेकर अपने विचार साझा किए। डॉ. गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं को लोकतंत्र में सशक्त भागीदारी देगा, जिससे शासन में संतुलन और समावेशिता बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि इस कानून से महिलाओं को नीति-निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आएंगे।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने संसद में चल रहे विशेष सत्र का प्रसारण भी देखा और अधिनियम का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। अंत में उपस्थित महिलाओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश