नहाय खाय की रस्म के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू

 


खरना पूजा के साथ 36 घंटे का निर्जला उपवास कल होगा शुरू, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश व पूर्वोत्तर राज्यों के मूलवासियों में उत्साह

जोधपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। शहर में निवासरत बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड व पूर्वोत्तर राज्यों के मूलवासियों का चार दिवसीय डाला छठ पूजन उत्सव शुक्रवार को मंगल गीतों के बीच सुबह नहाए खाय की रस्म के साथ शुरू हुआ। वहीं व्रती महिलाओं ने शुद्ध और सात्विक मन से स्नान ध्यान कर व्रत का संकल्प लिया। पहले दिन व्रतियों ने सात्विक भोजन किया और घरों में छठी मैया के गीत गूंजे।

सूर्योपासना से जुड़ा प्रमुख लोक आस्था का चार दिवसीय डाला छठ पूजन उत्सव आज नहाए खाय की रस्म के साथ शुरू हो गया है। पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा मनोवांछित फल प्राप्ति के लिए लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर रातानाडा, कुड़ी भगतासनी, एयरफोर्स सैन्य क्षेत्र, मधुबन हाउसिंग बोर्ड व बासनी में निवासरत बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश व पूर्वोत्तर राज्यों के मूलवासियों में उत्साह दिखाई दे रहा है। महापर्व के पहले दिन नहाय खाय का स्नान करने के साथ ही महिलाओं ने पूरी पवित्रता से घर की सफाई करके भोजन ग्रहण किया।

शनिवार शाम से खरना पूजा के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। व्रती महिलाएं गेहूं को धोकर व सुखाकर घर की चक्की में पिसेंगी और उसी आटे का ठेकुआ प्रसाद बना के पूजा पाठ कर व्रत करेंगी। पूरे दिन निर्जला उपवास कर शाम को सूर्य देव की उपासना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। प्रसाद पाने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे सूर्य देव और छठी मईया को भोग लगाकर स्वयं ग्रहण करेंगी। इसी के साथ उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। तीसरे दिन रविवार को छठ व्रती महिलाएं जलकुंड में छठ पूजन के लिए अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अघ्र्य प्रदान करेंगी। वहीं अंतिम दिन सोमवार को उदित सूर्य को अघ्र्य देकर कठिन व्रत का पारणा किया जाएगा।

15 नवंबर को षष्ठी पर शहर के तालाबों और कृत्रिम कुंडों पर मुख्य पूजा होगी। रातानाडा गणेश मंदिर के नीचे स्थित तालाब पर सबसे बड़ा आयोजन होगा। कुड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में भी कृत्रिम कुंड बनाकर पांडाल सजाए जाएंगे। व्रती महिलाएं संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ 14 से 16 नवंबर तक 36 घंटे का कठिन निर्जल व्रत करेंगी। व्रती भगवान भास्कर और छठी मैया से समस्त चराचर जगत पर कृपा बनाए रखने की कामना करते हैं। सूर्य देव की पूजा के जरिए प्रकृति और जीवन के प्रति कृतज्ञता जताने की परंपरा इस पर्व से जुड़ी है।

प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता का आस्था उत्सव छठ पूजन शहर में रातानाडा जलाशय के अलावा शेखाजी का तालाब, एयरफोर्स क्षेत्र, कुड़ी भगतासनी और बासनी क्षेत्र में मनाया जा रहा है। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कृत्रिम जलकुंड भी बनाए जा रहे हैं। छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रोशनी और स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश