नागौर की विश्व प्रसिद्ध पान मेथी को जल्द जीआई टैग मिलने की उम्मीद,
नई दिल्ली/ जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा लोकसभा में मंगलवार नागौर की विश्व प्रसिद्ध पान मेथी को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्रदान करने की मांग से जुड़े पूछे गए प्रश्न का जवाब वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने दिया। बेनीवाल ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय से पूछा कि नागौर की पान मेथी के लिए जीआई टैग का आवेदन लंबे समय से लंबित है, ऐसे में सरकार इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर किसानों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए क्या कदम उठा रही है जिस पर
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने अपने लिखित उत्तर में बताया कि 7 जुलाई 2023 को कृषि उपज एवं मंडी समिति, राजस्थान द्वारा नागौरी पान मेथी के जीआई पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था, 6 फरवरी 2026 को विशेषज्ञ समिति द्वारा इसका मूल्यांकन किया गया तथा समिति की अनुशंसाओं के आधार पर आवेदक को जांच रिपोर्ट जारी की गई। आवेदक द्वारा 13 जुलाई 2026 को अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है, जिसकी वर्तमान में जीआई पंजीकरण कार्यालय, चेन्नई में जांच की जा रही है। मूल्यांकन पूरा होने के बाद जीआई अधिनियम, 1999 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी |
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि नागौर की पान मेथी अपनी विशिष्ट गुणवत्ता, सुगंध और स्वाद के कारण देश-विदेश में पहचान रखती है। इसे जीआई टैग मिलने से न केवल इस उत्पाद की वैश्विक ब्रांडिंग होगी, बल्कि क्षेत्र के हजारों मेथी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार, उचित मूल्य और आर्थिक लाभ मिलेगा,गौरतलब है कि सांसद इस मुद्दे को कई बार लोक सभा में उठा चुके है और बजट सत्र में उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से इस संदर्भ में मुलाकात भी की |
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर