पार्षद और अधिकारी मिलकर लिखेंगे शहर के विकास का नया अध्याय: महापौर

 


जोधपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शुक्रवार को महापौर प्रसन्न चंद मेहता की अध्यक्षता में जोन संख्या 5, 6, 7 और 8 की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपमहापौर विजय सिंह पंवार, उपायुक्त ललित सिंह, संबंधित जोन अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

बैठक में वार्ड स्तर पर आवश्यक कार्यों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया गया। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के सामने रखा। वार्डों में आमजन को आ रही परेशानियों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। महापौर ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के निर्देश दिए।

महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से शहरों के समग्र विकास को लेकर एक 100 दिवसीय कार्ययोजना तैयार की है जिसके तहत शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किए जाएंगे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को गति दी जाए और वार्डों की जरूरतों के अनुसार प्राथमिकताएं तय कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने दीपावली के मद्देनजर शहर की सडक़ों की मरम्मत, सीवरेज समस्याओं के समाधान और रोड लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार से पहले आवश्यक कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं हो और प्रमुख मार्गों सहित वार्डों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए साथ ही अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण करें।

महापौर ने कहा कि शहर के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पार्षदों तथा निगम अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी समय पर मिलने से उनके निस्तारण में आसानी होगी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश