मेयर ने मारी पलटी, 2 अफसराें काे फिर से पुराने जाेनाें का ही साैंपा काम
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम में मेयर सुनील कोठारी का पहला प्रशासनिक फेरबदल 48 घंटे में ही उलट गया। मेयर ने बुधवार को 11 सीनियर अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदलकर प्रशासनिक बदलाव का संदेश दिया था, लेकिन शुक्रवार को जारी संशोधित सूची में दो अधिकारियों को फिर उन्हीं विभागों की जिम्मेदारी सौंप दी गई, जहां से उन्हें हटाया गया था।
मोनिका सोनी को उद्यान और करणी सिंह को पशु प्रबंधन शाखा का उपायुक्त फिर नियुक्त किया गया है। पहले आदेश में बदलाव का संकेत था, लेकिन संशोधित सूची ने पुरानी व्यवस्था लौटा दी। वहीं 2 अफसरों के जोन बदले गए हैं। इसके अलावा सिविल लाइंस जोन उपायुक्त को इसी जोन में रेवन्यू अधिकारी बनाया गया है।
मेयर की ओर से बुधवार को किए फेरबदल में उद्यान और पशु प्रबंधन शाखा के उपायुक्तों के कार्यक्षेत्र बदले गए थे। इन विभागों को लेकर पहले भी विवाद और शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में इन शाखाओं में बदलाव को मेयर के प्रशासनिक फैसले का अहम हिस्सा माना जा रहा था।
वहीं शुक्रवार को संशोधित आदेश जारी कर मोनिका सोनी और करणी सिंह को फिर पुराने विभागों की जिम्मेदारी दे दी गई। यानी जिन अधिकारियों को बुधवार को हटाया गया। उन्हें दो दिन बाद ही वापस उन्हीं शाखाओं में तैनात कर दिया गया।
वहीं मनोहर लाल जाट को झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन, निहारिका शर्मा को सिविल लाइंस जोन, गीता करनानी को किशनपोल जोन और सीमा शर्मा को हवामहल-आमेर जोन का उपायुक्त बनाया गया है। दुर्गा कुमारी को उपायुक्त मुख्यालय और संतलाल मक्कड़ को उपायुक्त एनयूएलएम और कच्ची बस्ती का कार्य सौंपा गया है।
सिविल लाइंस जोन के उपायुक्त रहे सुनील बैरवा को इसी जोन में राजस्व अधिकारी बनाया गया है। जबकि विद्या सैन को झालाना और जगतपुरा जोन का राजस्व अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बता दें कि नगर निगम में बुधवार को अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल की ओर से 11 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदलने का आदेश जारी किया गया था। 25 नवंबर को जारी इस आदेश में करणी सिंह को किशनपोल जोन, मनोहर लाल जाट को पशु प्रबंधन, निहारिका शर्मा को झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन, सुनील बैरवा को सिविल लाइंस जोन और पवन कुमार शर्मा को विशेषाधिकारी महापौर की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके अलावा दुर्गा कुमारी को उद्यान, सरिता को फायर, मोनिका सोनी को हवामहल-आमेर जोन, संतलाल मकवाना को एनयूएलएम, अनिता मित्तल को स्टोर और मुख्यमंत्री जनसुनवाई और विद्या सैन को उपायुक्त मुख्यालय का कार्यभार सौंपा गया था। वहीं अब 48 घंटों में कुछ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र फिर बदल दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश