सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान में निगम आमजन को बता रहा कचरा पृथक्करण का महत्व

 


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। शहर को साफ स्वच्छ बनाने की दिशा में लगाातार नगर निगम काम कर रहा है। इसी दिशा में सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम द्वारा शहर में अलग-अलग जगहों पर चार प्रकार के कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत मालवीय नगर जोन के वार्ड संख्या 86 में निगम टीम द्वारा कॉलोनी के रहवासियों को घरों में उत्पन्न होने वाले गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी या संक्रमित कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक घर में चार अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरे का पृथक्करण स्रोत स्तर पर ही सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

रहवासियों को खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा केवल नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही पृथक-पृथक कचरा देने की समझाइश की गई। इसके अतिरिक्त सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं उसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। निगम टीम ने नागरिकों से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा नियमित रूप से कचरे का पृथक्करण कर नगर निगम के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

इसके अलावा सिविल लाइन जोन के वार्ड 100 , आदर्शनगर जोन के वार्ड 117 सहित अन्य स्थानों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। आदर्श नगर जोन द्वारा सफाई अपना बीमारी भगाओ अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 117 मुस्लिम गल्र्स स्कूल ठाकुर गीजर का रास्ता पंचायती मस्जिद स्थित स्कूल में स्वच्छता की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, आरआरआर सेंटर (रिड्यूस, रीयूज एवं रिसाइकिल सेंटर) की उपयोगिता तथा नगर निगम द्वारा संचालित स्वच्छता व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश