शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए फील्ड में उतरे जोन उपायुक्त, एक ही दिन में 575 ओपन कचरा डिपो किए साफ
जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और खुले में कचरा डालने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नगर निगम जयपुर की टीम शुक्रवार को फील्ड में रही। आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सभी जोन उपायुक्त एवं सफाई से जुड़ी टीमें सुबह से ही अलर्ट मोड पर रहीं। सभी जोन उपायुक्त सुबह 7 बजे से ही फील्ड में उतर गए और विभिन्न क्षेत्रों में स्वयं उपस्थित रहकर सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की।
अधिकारियों ने मौके पर खड़े रहकर सफाई कार्य करवाया तथा कचरे के ढेर हटवाकर शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की।
शुक्रवार को नगर निगम की टीमों ने शहरभर में एक ही दिन में 575 ओपन कचरा डिपो की सफाई करवाकर लगभग 400 टन कचरे का निस्तारण किया। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई संसाधन एवं कार्मिक लगाकर खुले में पड़े कचरे को हटाया गया। निगम की इस त्वरित कार्रवाई से अनेक स्थानों पर सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
आयुक्त ओम कसेरा ने सभी जोन उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमित रूप से फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करें तथा ओपन कचरा डिपो पर विशेष ध्यान देते हुए समयबद्ध तरीके से सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारी निरंतर सक्रिय रहें और सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
नगर निगम की आमजन से अपील
नगर निगम जयपुर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे खुले में, सड़क किनारे अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकें। अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों का कचरा नगर निगम के घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले हूपर में ही डालें। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिक स्वयं भी जिम्मेदारी निभाएं और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश