अजमेर की खुली जेल से हत्या का दोषी फरार, हाई सिक्योरिटी जेल में बंदी ने शुरू की भूख हड़ताल

 


अजमेर, 22 मई(हि.स.)। अजमेर की खुली जेल से हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा एक बंदी फरार हो गया। मामले की सूचना सेंट्रल जैन प्रशासन ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी है जिसके बाद पुलिस ने फरार बंदी की तलाश शुरू कर दी है।

सेंट्रल जेल अधीक्षक की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार बंदी बाबूलाल पुत्र मोहनलाल बावरिया निवासी चक मनोहरपुर जयपुर हत्या और आम्र्स एक्ट के मामले में सजा भुगत रहा था। उसे सेशन कोर्ट जयपुर द्वारा वर्ष 2022 को विशिष्ट केंद्रीय कारागृह श्यालावास दौसा से अजमेर की खुली जेल में स्थानांतरित किया गया था। बुधवार शाम बंदियें की गिनती के दौरान वह अनुपस्थित मिला। इसके बाद शिविर प्रभारी और जेल प्रहरियोंने कैंप परिसर व आसपास उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

जेल प्रहरी धर्मेंद्र कुमार ने बंदी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन दोनों नंबर बंद मिले। इसके बाद जेल प्रशासन ने बंदी को फरार घोषित करते हुए सिविल लाइन पुलिस को मामला दर्ज करने के लिए दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक बनवारी लाल को जांच सौंपी गई है। इधर, अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद एक हार्डकोर विचाराधीन बंदी के भूख हड़ताल पर बैठने का मामला सामने आया है। बंदी ने खुद को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर खाना छोड़ दिया है। जेल प्रशासन के अनुसार विचाराधीन बंदी अशोक पुत्र धनाराम पिछले कुछ समय से जेल ट्रांसफर की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मामले की जानकारी जेल मुख्यालय को भेज दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष