नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर: चुनाव प्रबंधन समिति ने बांटे दायित्व
जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर कमर कसनी शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें चुनाव संचालन से जुड़े विभिन्न विभागों और मोर्चों के प्रमुख पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण बागड़ी और चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक घनश्याम तिवाड़ी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में चुनाव प्रबंधन को लेकर विधि एवं प्रशासनिक व्यवस्था, मीडिया एवं प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया, लेखन एवं कंटेंट, मॉनिटरिंग, घोषणा पत्र और कार्यक्रम प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों का कार्य-विभाजन किया गया। विभाग प्रमुखों के साथ उनके दायित्व, आपसी समन्वय और चुनाव के दौरान जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि नगर निकाय चुनाव केवल प्रत्याशियों का चुनाव नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम की परीक्षा है। भाजपा का मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और सरकार की उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी विभागों और मोर्चों को आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से काम करने का आह्वान किया।
संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि चुनाव प्रबंधन की सफलता बेहतर संगठनात्मक तालमेल और बूथ स्तर तक प्रभावी संपर्क पर निर्भर करती है। निर्धारित दायित्वों को समयबद्ध, योजनाबद्ध और पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाना होगा। उन्होंने प्रदेश से लेकर मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में पिछले चुनावों के अनुभवों की समीक्षा की गई और उनके आधार पर आगामी चुनाव की रणनीति को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों की भूमिका तय की गई।
मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार हुआ। मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम को प्रभावी संचार रणनीति तैयार करने तथा मॉनिटरिंग टीम को चुनावी गतिविधियों की निरंतर समीक्षा और फीडबैक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों और मोर्चों के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि पार्टी की रणनीति, सरकार के कार्यों और संगठन की योजनाओं का संदेश अंतिम पंक्ति के मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। पदाधिकारियों ने एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश