अलवर में एमएस बिट्टा ने पाकिस्तान को ललकारा, बोले- कश्मीर हमारा है और हमारा ही रहेगा

 




अलवर, 15 अगस्त (हि.स.)।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलवर के कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित स्वतंत्रता गौरव उत्सव में ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के चेयरमैन मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, पाक तेरा ख्वाब एक नजारा ही रहेगा, तू किस्मत का मारा है, मारा ही रहेगा। तेरे हर सवाल का जवाब करारा ही रहेगा। कश्मीर हमारा है, हमारा ही रहेगा। उनके इन शब्दों के बाद कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा... भारत माता की जय ओर जय हिन्द के नारे गूंज उठे।

स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एम.एस. बिट्टा ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश ने आतंकवाद और हिंसा का दर्द झेला। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोगों को यह चिंता रहती थी कि यह जंग कब खत्म होगी और कब जवानों की शहादत रुकेगी। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद देश में एक झंडा, एक संविधान और एक राष्ट्रगान की भावना और मजबूत हुई है।

बिट्टा ने कहा कि आज घर-घर तिरंगा दिखाई देता है और देश एकजुट होकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन का समापन “तेरा वैभव अमर रहे, मां, हम रहें न रहें, तेरा वैभव अमर रहे” के भाव के साथ किया।

स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर विजय ने बताया कि समिति की ओर से कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव, तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ, जनप्रतिनिधि, इटाराणा छावनी से सेना के अधिकारी एवं जवान तथा पुलिस के जवान मौजूद रहे। इस दौरान वीरांगनाओ का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों और जवानों का तिरंगे के दुपट्टे से सम्मान किया गया। वहीं एसबीआई बैंक की ओर से बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार