मिस्टर राजस्थान सीजन-5 के मेगा ऑडिशन में उमड़ा युवाओं का उत्साह

 






जयपुर, 22 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर में ए इन्फिनिटी टेकओवर्स फिल्म प्रोडक्शन हाउस की ओर से मिस्टर राजस्थान सीजन-5 2026 के मेगा ऑडिशन का आयोजन किया गया। इस मेगा ऑडिशन में राजस्थान के विभिन्न शहरों से आए लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि प्रतियोगिता के लिए 2000 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी पर्सनैलिटी, कॉन्फिडेंस, रैंप वॉक, ग्रूमिंग और कम्युनिकेशन स्किल्स का प्रदर्शन किया। आयोजन में निर्धारित ड्रेस कोड ब्लैक टी-शर्ट और जींस रखा गया था।

आयोजक अनूप चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता के आगामी चरण के तहत उदयपुर और जोधपुर में भी ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के हर क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके। ऑडिशन की जूरी में करण राजपुरोहित (मिस्टर राज 2024), रघुवीर बिश्नोई (मिस्टर राज 2025) तथा प्रीति सचदेवा (मिसेज इंडिया ग्लैम 2024), राहुल शर्मा (फैशन कोरियोग्राफर) शामिल रहे। जजों ने प्रतिभागियों का विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन कर अगले चरण के लिए योग्य प्रतिभाओं का चयन किया।

उन्होंने बताया कि मिस्टर राजस्थान केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला एक सशक्त मंच है। हमारा उद्देश्य राजस्थान के प्रतिभाशाली युवाओं को फैशन, मॉडलिंग और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराना है। पिछले चार सफल सीजनों के बाद इस वर्ष भी हमें युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश