मेवाड़ में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की पहल, सांसद सीपी जोशी ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे प्रस्ताव, कहा - सीतामाता सेंचुरी को मिले विशेष आर्थिक पैकेज

 


चित्तौड़गढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। संसदीय क्षेत्र में पर्यटन, पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद सीपी जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े दो अहम प्रस्ताव मंत्री को सौंपते हुए सीतामाता वन्य जीव अभयारण्य के लिए विशेष आर्थिक पैकेज तथा चित्तौड़ दुर्ग की तलहटी में विश्व स्तरीय बायोलॉजिकल पार्क स्थापित करने की मांग की। सांसद जोशी ने दोनों परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

सांसद सीपी जोशी ने बताया कि प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ एवं उदयपुर जिले में लगभग 450 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला सीतामाता वन्यजीव अभयारण्य अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है। मालवा के पठार, विंध्याचल और अरावली पर्वतमालाओं के अनूठे संगम पर स्थित यह अभ्यारण्य दुर्लभ उड़न गिलहरी सहित अनेक वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास है। जाखम बांध के कारण वर्ष भर पर्याप्त जल उपलब्ध रहने तथा सागवान के घने वनों से आच्छादित होने के कारण यह क्षेत्र सदाबहार वन का स्वरूप प्रस्तुत करता है। यहां दुर्लभ औषधीय पौधे, जड़ी-बूटियां तथा प्राकृतिक गर्म एवं ठंडे जल स्रोत भी मौजूद हैं। सांसद जोशी ने बताया कि ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाओं को देखते हुए सीतामाता अभयारण्य के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार विशेष आर्थिक पैकेज स्वीकृत करे, जिससे पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास हो। साथ ही वन्य जीव संरक्षण को मजबूती मिले तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

सांसद जोशी ने ऐतिहासिक चित्तौड़ दुर्ग की तलहटी के सघन वन क्षेत्र को उदयपुर के सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क की तर्ज पर विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि वर्ष 1971 में हिरण प्रजाति के संरक्षण एवं पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से यहां मृगवन (रीलोकेशन सेंटर) स्थापित किया गया था। यह आरक्षित वन क्षेत्र 1300 वर्ष पुराने ऐतिहासिक दुर्ग के परकोटे से घिरा हुआ है, जिसे विकसित कर एक आधुनिक बायोलॉजिकल पार्क बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के साकार होने से देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों को प्राकृतिक वन्यजीवन का बेहतर अनुभव मिलेगा, वन्यजीव संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी तथा चित्तौड़गढ़ पर्यटन क्षेत्र मे वैश्विक मानचित्र पर और अधिक प्रभावशाली पहचान बना सकेगा।

केन्द्रीय मंत्री यादव से मुलाकात के दौरान सांसद जोशी ने क्षेत्र से जुड़े अन्य विकासात्मक विषयों पर भी चर्चा की। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सांसद को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र सरकार इन पर्यावरण हितैषी प्रस्तावों सहित मेवाड़ अंचल के विकास से जुड़े विषयों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृतियों की दिशा में कदम उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल