सांसद मंजू शर्मा ने मानसून की तैयारियों का लिया जायजा, दिए दिशा निर्देश
जयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। राजधानी में सक्रिय मानसून और संभावित भारी बारिश को देखते हुए जयपुर सांसद मंजू शर्मा की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलभराव, बरसाती पानी की निकासी, नालों की सफाई, आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य तथा स्मार्ट सिटी की विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में सांसद ने शहर के उन सभी स्थानों का विस्तृत ब्यौरा मांगा जहां प्रतिवर्ष जलभराव, जल निकासी में बाधा, कटाव अथवा जन-धन के नुकसान की आशंका रहती है। उन्होंने जलभराव वाले प्रमुख स्थलों, प्रभावित होने वाली कच्ची बस्तियों एवं निचले इलाकों तथा वहां की गई सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कटाव संभावित क्षेत्रों में समय रहते सुरक्षात्मक कार्य किए जाएं। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह सक्रिय रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों में लगाए गए पंपों की संख्या, क्षमता और तैनाती की समीक्षा करते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पंप एवं मशीनरी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में हाल की बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान गणगौरी बाजार स्थित पंडित दीनदयाल अस्पताल, चौगान स्टेडियम में विकसित ऑल वेदर तरणताल, शहर की सफाई व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से संचालित ई-बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
बैठक में राजस्थान विधानसभा के डिजिटल म्यूजियम, सवाई मानसिंह अस्पताल के 27 मंजिला आईपीडी टावर एवं हेलीपैड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा गोविंद देवजी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, बृजनिधि मंदिर, तारकेश्वर महादेव मंदिर, चौकड़ी मोदीखाना तथा त्रिपोलिया बाजार क्षेत्र में ऐतिहासिक भवनों के फेसाड सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि जलमहल एवं तालकटोरा की सफाई के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से नगर निगम को अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे जलाशयों की नियमित सफाई होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटन को भी लाभ होगा।
बैठक के अंत में सांसद ने सभी विभागों को मानसून के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव, राहत एवं बचाव, सफाई, सड़क मरम्मत तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि राजधानीवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश