जीतो चित्तौड़गढ़ प्रीमियर लीग का आगाज़, सांसद बोले यह सिर्फ खेल नहीं, सामाजिक सरोकार का परिचय
चित्तौड़गढ़, 09 मई (हि.स.)। जीतो यूथ विंग चित्तौड़गढ़ की और से आयोजित “जीतो चित्तौड़गढ़ प्रीमियर लीग (जेसीपीएल) सीजन-1” का शुभारंभ शनिवार को उत्साह एवं भव्यता के साथ हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, समाजजन एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सीपी जोशी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वंडर सीमेंट के जोनल हेड संदीप शर्मा ने की। अतिथियों का स्वागत अनूठे अंदाज में किया गया, जिसमें सभी टीमों के ओनर्स अपने-अपने टीम फ्लैग के साथ मैदान में अग्रिम पंक्ति में चले तथा उनके पीछे सांसद सीपी जोशी ने मैदान में प्रवेश किया। सांसद जोशी ने मौली बंधन खोल कर टूर्नामेंट का उद्घाटन कर सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान सांसद जोशी ने कहा कि जीतो की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि सामाजिक सरोकार एवं सकारात्मक सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा केवल जैन फूड की व्यवस्था किए जाने की विशेष सराहना की। साथ ही आयोजन समिति ने अतिथियों एवं स्पॉन्सर्स को मनी प्लांट भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के प्रयास को भी प्रशंसनीय बताया। प्रत्येक टीम में दो महिला खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से शामिल किए जाने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता समाज को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने खिलाड़ियों के साथ मैदान में एक ओवर खेल कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। वंडर सीमेंट के जोनल हेड संदीप शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में टीम भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने जेसीपीएल के सफल आयोजन के लिए जीतो यूथ विंग को शुभकामनाएं दीं। जीतो यूथ विंग चेयरमैन रवि विराणी ने समिति के सभी सदस्यों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की टीम भावना एवं समर्पण से ही इस आयोजन को भव्य स्वरूप मिला है। वहीं जीतो मेन चैप्टर चेयरमैन सोहन पोखरना ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सीए प्रतीक कोठारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वंडर सीमेंट डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर संदीप सिंह, बिजनेस पार्टनर रौनक हेडा, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, नवीन पटवारी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल