जयपुर-दिल्ली फ्लाइट में देरी पर सांसद हनुमान बेनीवाल नाराज, केंद्र सरकार और एयर इंडिया पर साधा निशाना

 


जयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जयपुर से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में सोमवार सुबह हुई देरी पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने नाराजगी जताते हुए केंद्र सरकार और एयर इंडिया पर सवाल उठाए। बेनीवाल को संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले दिल्ली पहुंचकर विपक्षी सांसदों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करनी थी, लेकिन उड़ान समय पर रवाना नहीं हो सकी।

एयर इंडिया की जयपुर-दिल्ली उड़ान एआई-1834 निर्धारित समय सुबह 8:50 बजे उड़ान नहीं भर सकी और करीब एक घंटा 20 मिनट की देरी से सुबह 10:10 बजे रवाना हुई। समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाने से नाराज बेनीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि देशभर में उड़ानों में लगातार हो रही देरी और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू इस गंभीर समस्या पर मौन हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है।

बेनीवाल ने कहा कि यात्रियों के समय का सम्मान सुनिश्चित करना और विमानन व्यवस्था में जवाबदेही तय करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने एयर इंडिया को टैग करते हुए लिखा कि उसकी उड़ानों में अक्सर देरी होती है, लेकिन सरकार न तो कंपनी की जवाबदेही तय करती है और न ही सुधार के लिए ठोस कदम उठाती है।

बेनीवाल की पोस्ट के बाद एयर इंडिया ने आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए देरी पर खेद व्यक्त किया। कंपनी ने बताया कि उड़ान एआई-1834 में देरी आने वाले विमान के विलंब से पहुंचने के कारण हुई और इससे यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित