सांसद सीपी जोशी ने रतलाम मंडल को भेजे रेल विकास के अहम सुझाव
चित्तौड़गढ़, 06 जून (हि.स.)। सांसद सीपी जोशी ने रतलाम मंडल की समीक्षा बैठक में चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के रेल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भेजे हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के चलते वे बैठक में शामिल नहीं हो सके, लेकिन क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत प्रस्ताव अपने प्रतिनिधि के माध्यम से रेल प्रशासन को भेजे।
सांसद जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात को जोड़ने वाला अहम रेल क्षेत्र है। उन्होंने नीमच-बड़ीसादड़ी नई रेल लाइन का काम मानसून से पहले तेज करने और नीमच-प्रतापगढ़-बांसवाड़ा-दाहोद नई रेल परियोजना का सर्वे जल्द पूरा करने का आग्रह किया। साथ ही नीमच-कोटा और मंदसौर-प्रतापगढ़-बांसवाड़ा रेल लाइन के लिए बजट आवंटन की मांग भी रखी। चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन को पर्यटन की दृष्टि से विश्वस्तरीय बनाने पर जोर देते हुए सांसद ने स्टेशन पर एस्केलेटर, पीट लाइन, सभी प्लेटफॉर्म पर शेड, पार्किंग और वेटिंग हॉल जैसी सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने चंदेरिया, निम्बाहेड़ा और शंभूपुरा स्टेशन पर उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी और मेवाड़ एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की। सांसद ने चित्तौड़गढ़ को बड़े शहरों से जोड़ने के लिए दिल्ली-मुंबई मार्ग पर शताब्दी या राजधानी ट्रेन चलाने, उदयपुर-बांद्रा एक्सप्रेस को दैनिक करने और उदयपुर-अहमदाबाद वंदेभारत को चित्तौड़गढ़ होते हुए सूरत तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उज्जैन में आगामी सिंहस्थ महाकुंभ को देखते हुए अजमेर-रतलाम मार्ग पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने का सुझाव भी दिया। सांसद सीपी जोशी ने उम्मीद जताई कि रेलवे इन सुझावों पर सकारात्मक विचार करेगा जिससे मेवाड़, मालवा और वागड़ अंचल के विकास को गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल