कोर्ट की कार्यवाही का व्यावहारिक अनुभव देंगे मूट कोर्ट आयोजन : दिया कुमारी

 


जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान विश्वविद्यालय में शनिवार को 14वीं रांका राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मानविकी सभागार में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस विजय बिश्नोई और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शामिल हुए। प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों की 50 से अधिक टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता के दौरान विधि विद्यार्थी विभिन्न कानूनी विषयों पर न्यायालयीन प्रक्रिया की तरह अपनी दलीलें प्रस्तुत करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में दो प्रारंभिक दौर के बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन यूनिवर्सिटी फाइव ईयर लॉ कॉलेज की ओर से रांका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विधि विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को न्यायालय की वास्तविक कार्यवाही को समझने और उसके अनुरूप बहस करने का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। विद्यार्थियों को यह सीखने का अवसर मिलता है कि न्यायालय में किस तरह अपनी दलील रखनी है और पूरी न्यायिक प्रक्रिया किस प्रकार आगे बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि विधि की पढ़ाई में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे व्यवहार में समझना भी जरूरी है। मूट कोर्ट इसी दिशा में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करता है।

पंचायती राज चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर दिया कुमारी ने कहा कि जिस तरह निकाय चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा और बड़े अंतर से जीत मिली, उसी तरह पंचायती राज चुनाव में भी अच्छे परिणाम आने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश