जयपुर सहित 22 शहरों में बरसे मेघ, पांच डिग्री तक गिरा पारा

 


जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने से बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को जयपुर सहित करीब 22 शहरों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। आगामी समय में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। बारिश का यह दौर 2 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। बारिश होने से प्रदेश के शहरों के पारे में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। टोंक में सबसे ज्यादा चार इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के 8 शहरों में दो इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, सीकर, चित्तौडग़ढ़, चूरू, बीकानेर, फतेहपुर, करौली, दौसा सहित अन्य कुछ शहरों में बारिश रिकॉर्ड की गई। उदयपुर में वाकल नदी में उफान से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। सीकर में फतेहपुर के मुख्य बाजार में मंगलवार को तेज बारिश के बाद आधा फीट तक पानी भर गया। भरतपुर में रेलवे स्टेशन का 15 फीट हिस्सा ढह गया। मंगलवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 41.3 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उत्तरी उड़ीसा तट पर मंगलवार को भी गहरा अवदाब बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से होकर गुजर रही है। इससे पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी या अतिभारी बारिश हो सकती है। 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश भागों में मध्यम से तेज बारिश होने तथा कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान पुन: मानसून सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

जयपुर में सोमवार देर रात से ही आसमान में बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया था। मंगलवार को सुबह काले घने बादल छाए और कुछ स्थानों पर बारिश हुई। बारिश का यह दौर रुक-रुक कर अलग हिस्सों में चलता रहा। इससे जयपुर के दिन के पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट और रात के पारे में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में सबसे ज्यादा बारिश जालसू में 25 मिमी दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश