मानसून आज से फिर एक्टिव, 5 दिन झमाझम बारिश

 


जयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में मंगलवार से एक बार फिर मानसून एक्टिव नजर आएगा। इससे आगामी पांच दिन प्रदेश में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। सोमवार को प्रदेश के 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जालौर,बीकानेर और सवाई माधोपुर में 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई। प्रदेश में 40 डिग्री के साथ चूरू का दिन और 29.6 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अजमेर, जयपुर, जोधपुर, डूंगरपुर, संगरिया, जालौर, करौली, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, बीकानेर, सवाईमाधोपुर और श्रीगंगानगर सहित अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में आगामी समय में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। हालांकि बारिश की कमी के चलते प्रदेश में खरीफ की फसल की बुआई का क्षेत्रफल कम हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा पूर्वी भारत के ऊपर बना गहरा अवदाब से राज्य में आगामी दिनों में मानसून सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उत्तरी उड़ीसा तट पर वर्तमान में एक गहरा अवदाब बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन आज सामान्य स्थिति पर है तथा बीकानेर, दतिया, डाल्टनगंज व डीप डिप्रेशन से होकर गुजर रही है। साथ ही दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से सोमवार को को बीकानेर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने व शेष भागों में केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई।

उन्हाेंने बताया कि 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश देखने को मिल सकती है। 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में मानसून सक्रिय रहने तथा कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। रविवार को राज्य के पूर्वी भाग में कही कही स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व पश्चिमी भाग में कही कही मेघगर्जन के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व जालौर एवं सिरोही जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। सवाधिक बारिश आबू रोड सिरोही में 86 मिमी दर्ज की गई।

जयपुर में सुबह से ही हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और तेज धूप भी देखने को मिली। दोपहर बाद काले घने बादल छाए और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इसके चलते उमस और गर्मी से आमजन परेशान नजर आया। जयपुर के दिन के पारे में 2.3 और न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री का उछाल देखा गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.3 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश