एक सप्ताह बाद राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 4 से बारिश का दौर हो सकता है तेज
जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से चल रहा मानसून का ब्रेक बुधवार को खत्म हो गया। पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ। भरतपुर जिले के रूपवास में सबसे अधिक 27 मिलीमीटर यानी एक इंच से ज्यादा बारिश हुई। इसके अलावा करौली, धौलपुर समेत कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 4 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। इस दौरान जयपुर, भरतपुर के साथ कोटा और अजमेर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में भरतपुर के रूपवास में 27 मिलीमीटर बारिश हुई।
करौली के बालघाट में 18 मिलीमीटर और धौलपुर के बाड़ी में 12 मिलीमीटर बारिश मापी गई। नादौती, सैंपऊ, बसेड़ी और राजाखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से 4 सितंबर से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
भरतपुर और कोटा संभाग में 5 से 7 सितंबर के बीच तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है। जोधपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार को बीकानेर संभाग में गर्मी का असर अधिक रहा। श्रीगंगानगर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित