उत्तर पश्चिम रेलवे के कानाेता-बांदीकुई रेलखंड पर की कवच प्रणाली की कमीशनिंग

 


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)।

रेल संचालन को और अधिक संरक्षित बनाने के लिए रेलवे द्वारा अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के कानाेता-बांदीकुई 67 किलोमीटर रेलखंड पर स्टैंडर्ड कवच प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया है।

यह उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि कानाेता-बांदीकुई 67 किलोमीटर रेलखंड उत्तर पश्चिम रेलवे का पहला रेलखंड है, जहां स्टैंडर्ड कवच प्रणाली को सफलतापूर्वक कमीशन किया गया है। इस प्रणाली में 7 ब्लॉक सेक्शन कानौता-बस्सी, बस्सी-झर, झर-जटवाड़ा, जटवाड़ा-दौसा, दौसा-भांकरी, भांकरी-अरनिया तथा अरनिया-बांदीकुई शामिल हैं।

कवच प्रणाली की फील्ड इंस्टॉलेशन का सत्यापन करने के बाद फील्ड ट्रायल एवं सेट के परीक्षण सफलतापूर्वक किए गए। इस दौरान संरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थितियों का परीक्षण किया गया।

इसके अतिरिक्त, झर-जटवाड़ा रेलखंड में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की स्पीड पर तथा कानौता-बस्सी रेलखंड में निर्धारित पूर्ण सेक्शनल गति पर स्पीड टेस्टिंग एवं संबंधित सभी मापदंडो परीक्षण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश