21 करोड़ का आधुनिक विद्यालय बनेगा ग्रामीण प्रतिभाओं का नया केंद्र
भीलवाड़ा, 23 अप्रैल (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। श्री कल्याण सेवा संस्थान एवं समाजसेवी सत्यनारायण लड्ढा के मार्गदर्शन में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, जो ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए नया केंद्र बनेगा।
इस भव्य विद्यालय का हाल ही में बिट्स पिलानी के पूर्व छात्र रामपाल दरगड़ ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि यहां आईआईटी और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क ऑनलाइन कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। उन्होंने बताया कि ये कक्षाएं आईआईटी आश्रम के सहयोग से संचालित होंगी, जहां अनुभवी विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय मार्गदर्शन देंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़े शहरों की महंगी कोचिंग से मुक्त कर गांव में ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
विद्यालय प्रशासन और संस्थान से जुड़े सदस्यों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए “मील का पत्थर” बताते हुए कहा कि यह केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाला मंच साबित होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय विद्यार्थियों को तकनीकी, शैक्षणिक और नैतिक मूल्यों से भी समृद्ध करेगा।
स्थानीय लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह है। अभिभावकों का मानना है कि अब बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। यह पहल न केवल फूलियाकलां, बल्कि पूरे भीलवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। 21 करोड़ रुपये की इस शिक्षा परियोजना से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठने की उम्मीद है और आने वाले वर्षों में यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद