मोबाइल कोर्ट की सख्ती: 35 वाहन चालकों पर कार्रवाई, सात वाहन जब्त
जयपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए जयपुर मेट्रो-द्वितीय के मोबाइल मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-13 विजय कुमार सिरोहीवाल के निर्देशन में मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित सड़वा मोड़ पर विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियोजन अधिकारी दिनेश लोहिया ने बताया कि अभियान में दोपहिया, कार, बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टैक्सी सहित सभी प्रकार के वाहनों की गहन जांच की गई। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सात वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया, जबकि 11 मामलों का मौके पर ही अपराध स्वीकार करने पर निस्तारण किया गया।
जांच के दौरान एक थार जीप का बीमा समाप्त मिलने तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर उसे जब्त कर लिया गया। वहीं मोटरसाइकिल आरजे14 36एम 3500 का पंजीकरण समाप्त होने के कारण उसे भी जब्त किया गया। इसके अलावा बस आरजे32 पीए 3907 में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर परिवहन करते पाए जाने पर चालक पर 4000 का जुर्माना लगाया गया।
अभियोजन अधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध न्यायालय की ओर से प्रभावी और कठोर कार्रवाई लगातार जारी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी बिना किसी रियायत के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जयपुर मेट्रो-द्वितीय मोबाइल कोर्ट शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष जांच अभियान संचालित कर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों में अनुशासन व जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश