मनरेगा दम तोड़ चुकी, सरकार प्रचार में व्यस्त : सचिन पायलट

 


टोंक, 13 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना दम तोड़ चुकी है और सरकार केवल अपने प्रचार में व्यस्त है।

टोंक प्रवास के दौरान सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हार के डर से जानबूझकर स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव नहीं करवा रही है। उन्होंने कहा कि शहरों और गांवों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभाव में आमजन के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।

पायलट ने कहा कि मनरेगा योजना के कमजोर पड़ने से लाखों ग्रामीण परिवारों का रोजगार छिन गया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि उसका ध्यान विकास कार्यों से हटकर केवल प्रचार-प्रसार और पोस्टरबाजी तक सीमित रह गया है।

उन्होंने प्रदेश में पेयजल संकट को लेकर भी चिंता जताई और चेतावनी दी कि यदि आगामी गर्मी को देखते हुए जल आपूर्ति और पाइपलाइनों की मरम्मत के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

इस दौरान सचिन पायलट ने टोंक स्थित सेंट जोसेफ शिक्षण संस्थान के नए छात्रावास का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों का सही उपयोग आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे निरंतर प्रगति कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित