जगन गुर्जर हत्याकांड की सीबीआई जांच कराए सरकार : वोहरा
धौलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं राजाखेडा विधायक रोहित वोहरा ने अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की हुई हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। इस वारदात को उन्होंने सरकार की ''बड़ी नाकामी'' और कानून व्यवस्था का ''टोटल फेलियर'' बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राजस्थान की जेल सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं तथा सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए।
धौलपुर प्रवास के दौरान मीडिया को जारी बयान में विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में उच्च जोखिम वाले कैदियों को रखा जाता है। इसके बावजूद जेल के अंदर हत्या होना बेहद गंभीर मामला है और यह जेल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। इसलिए जगन गुर्जर हत्याकांड की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। वोहरा ने कहा कि प्रदेश के गृहराज्य मंत्री एवं धौलपुर के जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम द्वारा मृतक के परिवार से किए गए वायदों को जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई है। क्या कोई मंत्री इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी जेलर या संबंधित अधिकारी को निलंबित नहीं किया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वोहरा ने सरकार के कामकाज पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इवेंट मैनेजमेंट और प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर छोटी-छोटी बातों पर चालान काटे जा रहे हैं। लेकिन गंभीर आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। वोहरा ने कहा कि सरकार के पैसे नहीं है तथा इससे जनहित के कई काम प्रभावित हो रहे हैं और जनता त्रस्त है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप