प्री-मानसून की तैयारियों को लेकर विधायक गोपाल शर्मा ने अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
जयपुर, 27 मई (हि.स.)। विधायक गोपाल शर्मा ने बुधवार को अपने कार्यालय में प्री-मानसून तैयारियों की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में जेडीए, नगर निगम और पीएचईडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मानसून से पहले सड़क, सीवर और जल निकासी व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से दुरुस्त कर नागरिकों को बारिश के दौरान होने वाली असुविधाओं से बचाने पर चर्चा हुई।
विधायक गोपाल शर्मा ने निर्देश दिए कि मानसून से पहले क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। जलभराव के संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए स्थान-विशेष पर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। वहीं, सीवर लाइनों और जल निकासी तंत्र की सफाई तथा मेंटेनेंस को शीघ्रता से कराया जाए ताकि प्रणाली सुचारु रूप से कार्य कर सके। संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्यवाही और सतत मॉनिटरिंग के लिए विभागीय समन्वय अनिवार्य किया जाए।
विधायक शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। शर्मा ने कहा कि बारिश के समय आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर नियमित निरीक्षण एवं समन्वयित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्माण और मरम्मत कार्यों की समयबद्ध रिपोर्टिंग और सार्वजनिक शिकायतों के त्वरित निवारण पर भी जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश