सागवाड़ा में विकास की नई राह, 20 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास

 




डूंगरपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। आजादी के 79 वर्षों से जिस सड़क और पुल का इंतजार ग्रामीण कर रहे थे, उसकी तस्वीर अब बदलने जा रही है। सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अम्बाडा-पाटली क्षेत्र में गुरुवार को विकास कार्यों की शुरुआत के साथ लंबे इंतजार का अंत हुआ। विधायक शंकरलाल डेचा ने करीब 20 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें सबसे महत्वपूर्ण 15 करोड़ रुपये की लागत से अम्बाडा से पाटली जोहरा तक तीन किलोमीटर पक्की सड़क और मोरन नदी पर हाई लेवल पुल का निर्माण है।

मोरन नदी पर पुल बनने से बरसात के दौरान आसपास के गांवों का संपर्क टूटने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अम्बाडा, पटली, वासेला, जौहरा, डेयाना सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण लंबे समय से जर्जर मार्ग और नदी के कारण आवागमन में परेशानी झेल रहे थे। सड़क और पुल निर्माण से स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी सुगमता मिलेगी।

विधायक डेचा ने बताया कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए स्वीकृत विकास कार्यों में 15 करोड़ रुपये का अम्बाडा-पाटली जोहरा मार्ग एवं मोरन नदी पुल, 2.40 करोड़ रुपये का मइड़ा मार्बल से परड़ा माताजी मार्ग, 2 करोड़ रुपए का ओबरी अटल गौरव पथ तथा 1.50 करोड़ रुपये की लागत से खुमानपुर से करकटिया फला मार्ग शामिल हैं। इन कार्यों से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाओं में सुधार होगा।

समारोह में विधायक शंकरलाल डेचा ने कहा कि गलियाकोट से डूंगरपुर को जोड़ने वाला मार्ग करीब दो दशक पुराना है और क्षेत्रवासी लंबे समय से इसके सुदृढ़ीकरण की मांग कर रहे थे। जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए राज्य बजट में इसका प्रस्ताव भिजवाया गया, जिसे स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।

डेचा ने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 3,000 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार से लगातार सहयोग मिल रहा है।

अम्बाडा-पाटली क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए मोरन नदी पर पुल का निर्माण सबसे अहम माना जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बरसात में नदी उफान पर आने के दौरान आवागमन प्रभावित होता था। पक्की सड़क और हाई लेवल पुल बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। वर्षों से चली आ रही मांग पर निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

समारोह की अध्यक्षता जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतिलाल डामोर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत गांव की बेटियों दिव्या मनात और सोनल गाड़िया लुहार की ईश वंदना से हुई। इसके बाद विधायक शंकरलाल डेचा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। आयोजकों केशवलाल पाटीदार, मोहनलाल सुथार और शिवराम पाटीदार ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। समारोह में गलियाकोट मंडल अध्यक्ष गिरीश पाटीदार, वरिष्ठ नेता भोपालसिंह पवार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मुकेश पंड्या, भाजपा जिला महामंत्री मोहनपालसिंह राठौड़, ओबरी मंडल उपाध्यक्ष शंभूसिंह राव, प्रशासक बंसीलाल रोत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन हरीशचन्द्र अम्बाडा ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष