बिजली कर्मचारी को करंट लगने पर विधायक रविंद्र सिंह भाटी का धरना, बोले—न्याय मिलने तक नहीं हटेंगे
बाड़मेर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली का फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए एफआरटी कर्मचारी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी सोमवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ बाड़मेर स्थित डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (एसई) कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। विधायक ने हादसे के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा घायल कर्मचारी के परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घायल का समुचित इलाज और आर्थिक सहायता सुनिश्चित होने तक धरना जारी रहेगा।
शिव से गूंगा जाने वाली बिजली लाइन में फॉल्ट ठीक करने के लिए रविवार को एफआरटी कर्मचारी लक्ष्मणदास (30) निवासी शिव अपनी टीम के साथ कुमावत नगर पहुंचा था। बताया गया कि शटडाउन लेने के बाद वह बिजली के खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू होने से वह करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे पहले शिव अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाड़मेर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घायल के पिता कन्हैयालाल ने आरोप लगाया कि रविवार शाम करीब चार बजे जेईएन का फोन आने पर उनका बेटा फॉल्ट ठीक करने गया था। उनके अनुसार, जब लक्ष्मणदास खंभे पर काम कर रहा था, उसी दौरान डिस्कॉम कर्मचारी अलसाराम ने बिजली आपूर्ति शुरू कर दी। पिता ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना के 24 घंटे बाद भी डिस्कॉम के अधिकारियों ने परिवार की सुध नहीं ली।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बाड़मेर पहुंचने से पहले शिव स्थित डिस्कॉम कार्यालय पर ताला लगाकर नारेबाजी की।
विधायक भाटी ने कहा कि हादसे के विरोध में शिव का बाजार बंद रहा और ग्रामीण डिस्कॉम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और घायल कर्मचारी के इलाज तथा आर्थिक सहायता की व्यवस्था करने की मांग दोहराई।
डिस्कॉम के एसई अशोक मीणा ने बताया कि जीएसएस और एफआरटी दोनों ठेके पर संचालित हैं। विधायक और घायल के परिजनों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता घायल कर्मचारी का उचित उपचार सुनिश्चित करना है। वहीं, विधायक और उनके समर्थक मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने पर अड़े हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित