मिशन पढ़ो राजस्थान के तहत रीड ए थोन गतिविधि आयोजित

 


जोधपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मिशन पढ़ो राजस्थान 2026 के अंतर्गत गुरुवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय महामंदिर तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सांसी कॉलोनी रातानाडा में रीड ए थोन गतिविधि का आयोजन किया गया।

समग्र शिक्षा एवं रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस गतिविधि में शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर विद्यालय पुस्तकालय की पुस्तकों का सामूहिक पठन किया। इस दौरान विद्यालयों में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुखर वाचन, स्वतंत्र पठन, जोड़ों में पठन सहित विभिन्न पुस्तकालय आधारित गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई तथा पुस्तकों के माध्यम से सीखने की आनंददायक प्रक्रिया का अनुभव किया। शिक्षकों ने भी नियमित पठन की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि पुस्तकालय आधारित गतिविधियाँ बच्चों के भाषा कौशल, पठन समझ, अभिव्यक्ति एवं रचनात्मक सोच के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के प्रोग्राम एसोसिएट गौरव सिंह राठौड़ एवं गणेश टाक द्वारा विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों का अवलोकन किया गया। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालयों में नियमित पुस्तकालय एवं पठन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश