कांग्रेस ने अशोक गहलोत को दरकिनार किया: पटेल
जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के बयान पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सीएम को खुश करने में लगे रहने के बयान पर पटेल ने कहा कि वे जोधपुर के हैं और सीनियर भी हैं। कांग्रेस में उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। मंत्री ने ओबीसी आयोग पर गोविंद डोटासरा के दिए बयान को भी गलत बताया। यह बात उन्होंने आज लूणी पंचायत समिति में विधायक जनसुनवाई केंद्र की शुरुआत के दौरान मीडिया से बातचीत में कही।। इस दौरान जोगाराम पटेल ने कोई भी राजनीतिक कमेंट करने से मना कर दिया। हालांकि डोटासरा और गहलोत पर अपनी बात रखी।
जोगाराम पटेल ने अपने एक बयान में भाजपा सरकार में गहलोत सरकार से अपराध कम होने का दावा किया था। इसके बाद अशोक गहलोत ने अपने जोधपुर दौरे पर पर इस दावे पर कहा था कि वो मुख्यमंत्री को खुश करने में लगे हुए हैं, इसलिए ऐसे बयान देते हैं। जोगाराम पटेल से इस बयान पर मीडिया ने सवाल किया था। उन्होंने कहा कि वे (अशोक गहलोत) जोधपुर के हैं और सीनियर भी हैं।
कांग्रेस पार्टी में अभी ठीक नहीं चल रहा है, उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हमारी ताकत है। विपक्ष मजबूत होता है तो जनता का काम होता है। मुझे विश्वास है विधानसभा सत्र में जनता के मुद्दे उठाएंगे और सरकार के विकास की कमी-खामी को उठाएंगे। सरकार को मजबूत करेंगे। हम सभी मिलकर जनता के विकास के मुद्दों को लेकर उठाएंगे।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा के ओबीसी आयोग पर दिए बयान कि सर्वे की रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है, इस पर पटेल ने कहा कि राजनीतिक दल में काम करने वाला अपनी बात कहें। उनकी बात कितनी सही है या नहीं ये अलग बात है, लेकिन जो उन्होंने कहा वह सही नहीं है। वे बोले कि आज का दिन बड़ा अच्छा है, इसलिए आज राजनीतिक कमेंट नहीं करूंगा।
मंत्री ने जनसुनवाई केंद्र की शुरुआत पर कहा कि सभी के प्रयासों से ये जनसुनवाई केंद्र की शुरुआत हुई है। सभी अधकिारी और जनप्रतिनिधि यहां बैठेंगे और यहां उनकी समस्याओं को सुनकर उसका समाधान करेंगे। आने वाले कुछ महीनों के बाद इसका परिदृश्य बदल जाएगा। कुछ समय बाद ये झंवर पंचायत समिति हो जाएगी। ये एक ऐसा आयोजन है जहां सभी एक साथ मिले हैं इसलिए सभी भाइयों को राम-राम। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में प्रभु करे सभी को मौका मिले, हालांकि ये जनता पर निर्भर करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश