संसदीय कार्य मंत्री ने शिकारपुरा में राजेश्वर भगवान के किए दर्शन
जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर गुरु वंदन कार्यक्रम के तहत शिकारपुरा धाम स्थित श्री राजेश्वर भगवान मंदिर, फतेह गिरी की भाकरी मोगड़ा में फतेह गिरी महाराज की समाधि और रतनगिरी महाराज की समाधि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
संसदीय कार्य मंत्री ने शिकारपुरा धाम के संत दयाराम महाराज, मोगड़ा भाकरी के महंत रघुवीर गिरी का राजस्थान सरकार के गुरुवंदन कार्यक्रम के तहत शॉल, श्रीफल एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का गुरुवंदन प्रशस्ति पत्र भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पटेल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में गुरु का महत्वपूर्ण स्थान होता है। गुरु ही वह पथ प्रदर्शक होते हैं जो हमें अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के उजाले की ओर ले जाते हैं। जब भी श्रेष्ठ गुरु को योग्य शिष्य मिले इतिहास में युगांतरकारी घटनाएं घटित हुई। उन्होंने कहा यदि गुरु द्रोणाचार्य न होते तो शिष्य अर्जुन महायोद्धा न होता, गुरु परशुराम न होते तो शिष्य कर्ण महादानी न बनते और चाणक्य न होते तो चन्द्रगुप्त अखण्ड साम्राज्य का विजेता न होता। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति में शिष्यों ने यह प्रमाणित कर दिया कि जीवन का उद्देश्य गुरु के बिना पूर्ण नहीं हो सकता।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश