टिकट विवाद के बीच मंत्री खर्रा और विधायक गोपाल शर्मा की बिगड़ी तबीयत
जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। नगरीय निकायाें के लिए चल रहे टिकट वितरण के बीच नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि चेस्ट में इंफेक्शन की शिकायत के बाद उन्हें दोपहर डेढ बजे एसएमएस अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मेडिकल आईसीयू में ऑब्जर्वेशन पर रखा है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को मंत्री खर्रा के निवास पर अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। उन्हें बुखार, खांसी और सांस लेने में हल्की तकलीफ की शिकायत थी। इसके बाद परिजन और स्टाफ उन्हें एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मेडिकल आईसीयू में निगरानी में रखने का निर्णय लिया।
इधर सिविल लाइन्स से भाजपा विधायक गोपाल शर्मा की भी रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन और स्टाफ उन्हें जयपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। डॉक्टरों ने करीब 4-5 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी।
गौरतलब है कि सिविल लाइन्स विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम चुनाव के टिकट वितरण को लेकर हुए विवाद के बाद विधायक शर्मा की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल विधायक को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि मंत्री खर्रा एसएमएस अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश