रोत पर मंत्री खराड़ी का पलटवार, पूछा - विधायक और सांसद रहते क्या काम किया?

 


उदयपुर, 25 मई (हि.स.)। डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर दिए गए बयान पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सोमवार को कहा कि “राजकुमार रोत कुछ भी बोल जाएं, उन्हें कौन रोक सकता है। उनकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है, इसलिए जनता के बीच कुछ भी बयान दे रहे हैं।”

उदयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में खराड़ी ने कहा कि राजकुमार रोत पांच साल विधायक रहे, तब उन्होंने क्षेत्र के लिए क्या काम किया, यह जनता को बताना चाहिए। अब सांसद बनने के बाद भी उन्होंने कौन से विकास कार्य किए हैं, इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा डूंगरपुर और बांसवाड़ा के गांवों में जाकर सीधे लोगों से संवाद कर रहे हैं, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।

खराड़ी ने कहा कि “कोई मुख्यमंत्री गांव में जाते हैं तो जनता से ही मिलेंगे। चौपालों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनना लोकतंत्र की परंपरा है। पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई मुख्यमंत्री आदिवासी क्षेत्रों में जाकर लोगों के घरों में रुके, भोजन किया और आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं और युवाओं से बातचीत कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।

पत्रकार वार्ता में मंत्री खराड़ी ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की जानकारी देते हुए बताया कि 25 मई से 5 जून तक प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गांव-गांव जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, श्रमदान और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसे कार्यक्रम भी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता