सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने ली देवनारायण योजना के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक
जयपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री अविनाश गहलोत ने मंगलवार को देवनारायण योजना के अंतर्गत अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की।
विभाग के मुख्यालय अंबेडकर भवन के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में समेकित बाल विकास सेवाएं, महिला एवं बाल विकास, माध्यमिक शिक्षा, कॉलेज शिक्षा, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड, राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गहलोत ने गत बैठक में दिए निर्देशों की प्रगति से अवगत करवाया। इस दौरान देवनारायण छात्रवृति योजना-उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजना, देवनारायण छात्रवृत्ति योजना-पूर्व मैट्रिक छात्रवृति योजना, देवनारायण गुरुकुल योजना, देवनारायण अनुप्रति योजना, देवनारायण छात्रा स्कूटी वितरण एवं प्रोत्साहन राशि योजना, देवनारायण आदर्श छात्रावास संचालन, देवनारायण आवासीय विद्यालय संचालन, देवनारायण बालक एवं बालिका महाविद्यालय संचालन सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि देवनारायण बोर्ड की निरंतर समीक्षा बैठकों और मॉनिटरिंग के चलते योजनाओं में निरंतर सुधार आ रहा है। हाल ही 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों ने बेहतरीन परिणाम दिखाया है। उन्होंने बताया कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों की निरंतर पालना की जा रही है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार ने योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निदेशक ललित कुमार ने कहा कि बैठक में आए सुझावों के आधार पर योजनाओं में निरंतर सुधार किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त निदेशक सुंडाराम मीणा ने पीपीटी के जरिए विभिन्न योजनाओं की प्रगति और बजट के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह बैंसला ने समिति से जुड़े विषयों पर अधिकारियों से चर्चा की। इस अवसर पर देवनारायण बोर्ड और समिति के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश