आरएसएस का विरोध करना कांग्रेस के डीएनए में: गहलोत
जोधपुर, 26 जून (हि.स.)। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का विरोध करना कांग्रेस के डीएनए में है। जब तक संघ का विरोध नहीं करेंगे, तो मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति नहीं कर सकते। गहलोत शुक्रवार को जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए आरएसएस द्वारा सरकार चलाने के पूर्व सीएम अशोक गहलोत स्रह्य बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि कांग्रेस की नफरत की राजनीति आजादी से पहले की है। जबकि संघ एक ऐसा संगठन है जो राष्ट्र निर्माण के लिए काम करता है। देश में बीते सौ साल में कहीं कोई आपदा आई है, तो सबसे पहले संघ ही खड़ा हुआ है। कांग्रेस काम कम और बयानबाजी ज्यादा करती है। मंत्री अविनाश गहलोत ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा किरोड़ी लाल मीणा पर लगाए गए आरोपों पर कहा कि किरोड़ी लाल मीणा खरा सोना हैं। जनता के लिए काम करते आए हैं। भ्रष्टाचार का खुलासा करते आए हैं। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप इसलिए लगाया जा रहे हैं कि डोटासरा प्रदेश में चल रही वर्चस्व की लड़ाई और अपने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के सामने हाइलाईट होना चाहते हैं। अविनाश गहलोत ने कहा कि भ्रष्टाचार जो भी करेगा, उसके खिलाफ एजेंसियां एक्शन लेंगी। कोई भी व्यक्ति कितना भी बड़ा हो, गलत किया है, तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।
पीएम देंगे सौगातें, प्रदेश को मिलेगी गति
अविनाश गहलोत ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को प्रदेश को विकास की नई सौगात देने के लिए आ रहे हैं। वे यहां रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। जयपुर मेट्रो के नए फेज का शिलान्यास करेंगे। प्रदेश में 80000 करोड़ की योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। यह प्रदेश के विकास की गति की नई शुरुआत होगी। इससे प्रदेश को सालाना 8 से 9 हजार करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश