मिनी पाकिस्तान’ बयान पर विधायक ताराचंद जैन का फिर पलटवार

 


उदयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उदयपुर शहर के खांजीपीर और आयड़ क्षेत्र को लेकर ‘मिनी पाकिस्तान’ टिप्पणी पर उपजे विवाद के बीच शहर विधायक ताराचंद जैन ने मंगलवार को फिर अपना पक्ष रखा। प्रेस वार्ता में जैन ने बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड के दौरान प्रकाशित समाचारों की कटिंग दिखाते हुए आतंकी नेटवर्क और पाकिस्तान कनेक्शन का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उनके बयान का संदर्भ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क से था।

दरअसल, पिछले दिनों भाजपा के एक कार्यक्रम में विधायक जैन ने खांजीपीर और आयड़ क्षेत्र का अपराधों के संदर्भ में उल्लेख करते हुए इन्हें ‘मिनी पाकिस्तान’ कहा था। इसके बाद मुस्लिम समाज की ओर से नाराजगी जताई गई थी। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर इन क्षेत्रों से सेना में सेवाएं देने वाले लोगों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान के प्रमाण स्वरूप सेना के पदक भी मीडिया के समक्ष प्रदर्शित किए थे।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक जैन ने अपने बयान पर उठ रहे सवालों के जवाब में विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कटिंग सामने रखीं। उन्होंने कन्हैयालाल हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि जांच में पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के कनेक्शन सामने आने की खबरें प्रकाशित हुई थीं। जैन ने आरोपी रियाज और गौस मोहम्मद से जुड़े मामलों तथा कथित आतंकी नेटवर्क का भी हवाला दिया।

प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने सवाल उठाया कि दो व्यक्तियों के अपराध में शामिल होने के आधार पर किसी पूरे क्षेत्र या समाज को लेकर टिप्पणी किस तरह उचित मानी जा सकती है। इस पर जैन ने कहा कि उनका संदर्भ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क से था। उन्होंने अपने बयान को लेकर उठे विवाद के संदर्भ में कहा कि यदि कोई गलतफहमी हुई है तो उस पर बात की जा सकती है।

पत्रकारों ने मुस्लिम समाज की ओर से रखे गए पक्ष का भी उल्लेख किया। समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि खांजीपीर क्षेत्र से सेना के जवान और अधिकारी भी निकले हैं और उन्होंने देश की सेवा की है।

इस पर विधायक जैन ने कहा कि देश के लिए योगदान देने वाले मुस्लिम समाज के लोगों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें राष्ट्रपति बनाकर सम्मान दिया था। जैन ने कहा कि राष्ट्रभक्त मुस्लिम देश की ताकत हैं और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता