मिलावट पर वार : खाद्य सुरक्षा अधिकारियों  ने तीन बीएमसी केंद्रों पर दूध की जांच

 


जयपुर, 22 मई (हि.स.)। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत दूध में मिलावट रोकने के लिए शुक्रवार को जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तीन बल्क मिल्क चिलिंग (बीएमसी) केंद्रों पर करीब 50 दूध के नमूनों की मौके पर जांच की गई। गुणवत्ता में कमी की आशंका पर चार नमूने लैब जांच के लिए लिए गए हैं।

कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने की। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय मनीष मित्तल ने बताया कि टीम ने ग्रामीण क्षेत्र के उन बीएमसी केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां आसपास के दुग्ध संग्रह केंद्रों से दूध पहुंचता है। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर पशुपालकों द्वारा लाए जा रहे दूध की मशीनों के माध्यम से मौके पर जांच की गई। टीम ने बालेसरों की ढाणी (गोनेर), दांतली और लालूबाबा की ढाणी (महल) स्थित तीन बीएमसी केंद्रों पर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 50 दूध के नमूनों की जांच की गई। गुणवत्ता में कमी की आशंका होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत चार दूध के नमूने जांच के लिए लिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी और राजेश नागर भी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश