उपभोक्ताओं को नकली दूध, पनीर, मावा, घी की सही पहचान और उपलब्धता की जानकारी देगा उदयपुर जिला दुग्ध उत्पादक संगठन
उदयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उदयपुर जिला दुग्ध उत्पादक संगठन अब उपभोक्ताओं को नकली दूध, पनीर, मावा, घी की सही पहचान और उपलब्धता की जानकारी देगा। संगठन ने घासा तहसील के जूनावास गांव में एकलिंगजी महादेव मंदिर में बैठक कर यह निर्णय लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द आंदोलन तेज करने के लिए जिले में प्रसार-प्रचार किया जाएगा।
साथ ही किसानों को दूध का उचित मूल्य दिलाने के लिए महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। किसान नेता विष्णु पटेल ने कहा कि शुद्ध के लिए युद्ध अभियान में सरकार की मदद और पशुपालकों को उचित मूल्य मिले। इसके लिए आंदोलन चलाया जा रहा है। नकली दूध का कारोबार अब सिर्फ मिलावट नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य के साथ हत्या के समान अपराध बन चुका है।
संगठन अध्यक्ष जमना लाल माली ने कहा- वर्तमान स्थिति में किसान की हालत सही नहीं है। चारे, पशु आहार की महंगाई, दूध के कम दाम और ऊपर से नकली दूध का कारोबार असली गौपालक को बर्बाद कर रहा है। संगठन के मोहन नागदा ने कहा- अब आर-पार की लड़ाई का समय आ गया है। बैठक में वक्ताओं ने अपने क्षेत्र में पशुपालन में आ रही समस्याओं को बताया और संगठन को मजबूत कर आगामी दिनों में आंदोलन को बढ़ाने का निर्णय लिया।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक नरेंद्र सिंह राणावत ने की। बैठक में चंद्रशेखर गुर्जर, नारायण डांगी, रमेश पालीवाल, जगदीश पालीवाल, गोपाल जोशी आदि थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव