महारुद्र महायज्ञ में राज्यपाल ने की पार्थिव शिवपूजन व गौसेवा

 


जयपुर, 16 अगस्त (हि.स. )। राजस्थान गौ सेवा संघ की ओर से दुर्गापुरा स्थित गौशाला परिसर में आयोजित दो दिवसीय पंचम महारुद्र महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग अभिषेक समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जगद्गुरु दिवाकराचार्य अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने 27 कुंडीय यज्ञशाला में महारुद्र महायज्ञ के दौरान आहुति अर्पित की और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं सर्वजन मंगल की कामना की। पूरे अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से गौशाला परिसर भक्तिमय बना रहा।

महायज्ञ के उपरांत राज्यपाल ने गौशाला का अवलोकन कर वहां संचालित गौसेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने गायों को गुड़, लड्डू और हरा चारा खिलाकर गौसेवा की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गौ संरक्षण और गौसेवा भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की आत्मा हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, समर्पण और संस्कारों की भावना सुदृढ़ होती है।

आयोजक गोपाल शरण महाराज ने बताया कि दो दिवसीय महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग अभिषेक का मुख्य उद्देश्य यूशिवशक्ति साधना, लोककल्याण, पर्यावरण संरक्षण और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।

समारोह के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं और गौसेवकों ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई तथा देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश