ऑनलाइन कोर्सेज के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे विद्यार्थी : प्रो. बिश्नोई

 


बीकानेर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) में नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने दायित्व ग्रहण करते हुए विश्वविद्यालय में शैक्षणिक, शोध एवं विद्यार्थियों के उन्नयन की शुरूआत कर दी है। कुलगुरु की पहल पर विश्वविद्यालय में चार नवीन पाठ्यक्रम एम.एससी. डाटा साइंस, फाॅरेंसिक साइंस, मनोविज्ञान एवं सर्टिफिकेट इन ड्रोन प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम का विज्ञापन जारी कर दिया है। रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम की शुरूआत में अंग्रेजी विभाग के माध्यम से विदेशी भाषा पाठ्यक्रम शुरू किये जा रहे है। शोध का बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवीन शोधार्थियों पंजीयन हेतु विज्ञापन जारी किया जा रहा है जिसमें पंजीयन से लेकर उपाधि प्रदान करने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से करवाई जाएगी।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अपने तीन वर्षीय कार्यकाल की भावी योजना को पत्रकाराें के समक्ष साझा करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को विशेष गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशा-निर्देशानुसार के अनुरूप प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस योजना प्रारम्भ जाएगी जिसके माध्यम से प्रोफेसरों के लम्बे अवधि के अनुभवों के आधार पर विद्यार्थियों को विशिष्ट क्षेत्र में शिक्षा प्रदान की जाएगी।

प्रो. बिश्नोई ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिशों में एक उच्च शिक्षण संस्थानों में हर तरह से बहु-विषयक शिक्षा प्रदान करना भी है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ‘‘शिक्षक-अधिगत प्रक्रिया’’ में अनुभवी चिकित्सकों, पेशेवरों, उद्योग विशेषज्ञों आदि की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

विश्वविद्यालय परिसर में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अधिक से अधिक स्टडी वेब्स ऑफ एक्टिव लर्निग फाॅर यंग एस्पायरिंग माइंडस (स्वयं) पोर्टल पर पंजीयन करने हेतु प्रेरित किया जाए जिससे वे घर बैठे ही कई निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम के माध्यम से सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे।

प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि सम्बद्ध महाविद्यालयों के डाटा ऑनलाइन करवाये जा रहे है जिससे महाविद्यालयों की सम्बद्धता संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध ऑनलाइन माध्यम से निराकरण किया जा सके। विश्वविद्यालय में मानव संसाधन विकास मीडिया केन्द्र की स्थापना जाएगी जिसके माध्यम शिक्षकों की निरन्तर क्षमता विकास करते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों के रिकार्डेड वीडियो उपलब्ध हो सकेंगे। आगामी समय में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर चयन एवं पदोन्नत की कार्यवाही की जाएगी। हम आगामी समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के साथ एम.ओ.यू. सम्पादित करवाकर विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अवसर प्रदान किये जाएंगे।

विश्वविद्यालय कुलसचिव यशपाल आहूजा, मीडिया प्रभारी डाॅ. उमेश शर्मा, संकायाध्यक्ष विज्ञान प्रो. अनिल कुमार छंगाणी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम चोयल एवं निदेशक, आई.क्यू.ए.सी. डाॅ. धर्मेश हरवानी भी प्रेस कांफ्रेंस में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव