मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर बुकिंग कार्यालय व प्रतीक्षालय को मंजूरी
कोच इंडिकेशन बोर्ड सहित अन्य सुविधाओं पर जोर
जोधपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रेलवे की ओर से स्टेशन पर बुकिंग कार्यालय एवं प्रतीक्षालय के निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही यात्रियों को ट्रेन में अपने निर्धारित कोच तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने का कार्य भी स्वीकृति प्रस्तावित किया गया है।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए बुकिंग कार्यालय एवं प्रतीक्षालय के निर्माण को मंजूरी दी गई है। बुकिंग कार्यालय बनने से यात्रियों को स्टेशन पर ही टिकट संबंधी सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि प्रतीक्षालय के निर्माण से ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को बैठने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने का कार्य भी प्रस्तावित किया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेन के आगमन से पहले निर्धारित कोच की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने में सुविधा होगी।
बाईपास स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास से यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन की प्रतीक्षा तथा निर्धारित कोच की जानकारी जैसी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर अधिक व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को भी सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
रेलवे का उद्देश्य स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाना है, ताकि यात्रियों को टिकट सुविधा, प्रतीक्षालय, ट्रेन एवं कोच संबंधी जानकारी और स्टेशन पर आवागमन में अधिक सुविधा मिल सके। मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर इन सुविधाओं के विकसित होने से क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा मिलने के साथ स्टेशन की यात्री सुविधा व्यवस्था में भी सुधार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश