मेड़ता रोड-बीकानेर रेलखंड पर 65 किलाेमीटर का नवीनीकरण कार्य पूर्ण

 


रेल संरक्षा एवं परिचालन विश्वसनीयता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जोधपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल परिचालन की संरक्षा, विश्वसनीयता एवं दक्षता में वृद्धि के उद्देश्य से मेड़ता रोड–बीकानेर रेलखंड पर रेलपथ नवीनीकरण का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इस रेलखंड पर कुल 142 रूट किलोमीटर रेलपथ का नवीनीकरण किया जाना है, जिसमें से अब तक 65 किलोमीटर रेलपथ नवीनीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष रेलपथ का नवीनीकरण कार्य प्रगति पर है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलपथ की गुणवत्ता एवं संरक्षा को बेहतर बनाने के लिए मेड़ता रोड–बीकानेर रेलखंड पर आधुनिक पीक्यूआरएस तकनीक के माध्यम से रेलपथ नवीनीकरण किया जा रहा है। इस कार्य के अंतर्गत 75 रूट किलोमीटर रेलपथ नवीनीकरण तथा 41 रूट किलोमीटर रेलपथ नवीनीकरण के लिए कार्यादेश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पीक्यूआरएस रेलवे में रेलपथ नवीनीकरण की एक आधुनिक तकनीक है, जिसके अंतर्गत विशेष मशीनों की सहायता से पुराने रेलपथ को हटाकर पहले से तैयार रेल एवं स्लीपर के पैनल बिछाए जाते हैं।

इस तकनीक से रेलपथ नवीनीकरण का कार्य तेजी एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा सकता है। इससे ट्रैक की गुणवत्ता एवं स्थायित्व में सुधार होने के साथ ही रेल परिचालन की संरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने में सहायता मिलती है। रेलपथ नवीनीकरण का कार्य विभिन्न खंडों में चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। नागौर खंड में निर्धारित कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि नोखा खंड में कार्य जारी है।

शेष रेलपथ नवीनीकरण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। रेलपथ नवीनीकरण से ट्रैक की गुणवत्ता, मजबूती एवं स्थायित्व में सुधार होगा। इससे रेल परिचालन की संरक्षा और विश्वसनीयता को सुदृढ़ करने के साथ ही यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश