राजस्थान में पारा 44 डिग्री के करीब, 24 अप्रैल से हीटवेव का अलर्ट
जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि श्रीगंगानगर में पारा 43.7 डिग्री तक मापा गया। राजधानी जयपुर समेत अधिकांश शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 24 अप्रैल से हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए 8वीं कक्षा तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया है। नई समय सारिणी 27 अप्रैल से लागू होगी, ताकि छोटे बच्चों को लू से बचाया जा सके। पिछले 24 घंटों में कोटा, पिलानी, चित्तौड़गढ़ और चूरू जैसे जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक मापा गया। वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू में धूलभरी हवाएं चलने से गर्मी और बढ़ गई।
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री रहा। दोपहर में गर्म हवाएं चलीं और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है। शहर में राहत के लिए जगह-जगह प्याऊ लगाए गए हैं। अलवर में इस सीजन में पहली बार लू का असर देखने को मिला। तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंचा और दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। जोधपुर शहर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री मापा गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। लू की आशंका को देखते हुए एडवाइजरी जारी की गई है।
अजमेर में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री रहा। दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई और पार्कों व कार्यालयों में तैनात गार्ड्स के लिए छाते की व्यवस्था की गई। सीकर में पिछले एक सप्ताह से तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। लोग सुबह-शाम ही घर से बाहर निकलना पसंद कर रहे हैं और खानपान में बदलाव कर लू से बचाव कर रहे हैं।
कोटा में यहां तापमान 42.1 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर में गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। उदयपुर में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री मापा गया। दिन में गर्मी तेज रही, जबकि सुबह-शाम थोड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। 24 अप्रैल से कई जिलों में हीटवेव का प्रभाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित